बेल्थरा रोड, बलिया। अखिल भारतीय विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार (उत्तराखंड) और गायत्री शक्तिपीठ गंगा जी मार्ग महावीर घाट, बलिया के मार्गदर्शन में गायत्री परिवार बेल्थरा रोड द्वारा 6 नवंबर (सोमवार) से 9 नवंबर (गुरुवार) तक स्थानीय राधिका मैरिज हाल में गायत्री महा यज्ञ एवं संगीतमय प्रवचन का आयोजन किया गया है।
राष्ट्र में जन-जन की पारिवारिक सुख समृद्धि अभिवर्धन एवं मानव मात्र के समस्त दुखों के निवारणार्थ शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा घोषित नारी सशक्तिकरण वर्ष 2023-24 में गायत्री परिवार शाखा बेल्थरा रोड द्वारा आयोजित महा यज्ञ हेतु 6 नवंबर को प्रातः 7:00 बजे नगर में कलश यात्रा के साथ शोभायात्रा, 7 नवंबर को देव आवाह्न एवं गायत्री महायज्ञ, 8 नवंबर को गायत्री महायज्ञ एवं विभिन्न संस्कार तथा 9 नवंबर को गायत्री महायज्ञ, दीक्षा, पूर्णाहुति, सत्कार्य, अभिनंदन एवं विदाई संगोष्ठी जबकि 6 नवंबर से 8 नवंबर तक प्रतिदिन सायं 5:30 बजे से 8:30 बजे तक संगीतमय प्रवचन तथा 8 नवंबर को सायं दीप महायज्ञ का आयोजन होगा।
निःशुल्क संस्कार करने के लिए पुंसवन, अन्नप्राशन, विद्यारंभ दीक्षा, जन्मदिन, विवाह दिन आदि सहित अन्य संस्कार हेतु पहले से गायत्री परिवार बेल्थरा रोड के प्रमुख से मिलकर पंजीकरण कराना आवश्यक है।
गायत्री परिवार बेल्थरा रोड के मोहन मद्धेशिया ने 24 कुंडीय राष्ट्र जागरण अभियान गायत्री महायज्ञ एवं संगीतमय प्रवचन में कलश यात्रा, देव पूजन, यज्ञ एवं दीप यज्ञ में यजमान दंपति से सम्मिलित होकर पुण्य का भागी बन अपना गौरव बढ़ाने की अपील की है।