जनजातीय गौरव दिवस एवं धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती

रिपोर्ट - घनश्याम शर्मा 
वाराणसी । मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन एवं मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक मिश्रा की अध्यक्षता में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के भारतेंदु सभागार कक्ष में आज दिनांक 15 नवम्बर 23 को जनजातीय गौरव दिवस एवं धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती मनाई गई । कार्यक्रम का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) रोशन लाल यादव,मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक मिश्रा तथा मंडल इंजीनियर (सामान्य) पी. पी. कुजूर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर रेल कर्मचारियों को बिरसा मुंडा से जुड़ी रोचक घटनाओं से परिचित कराया गया । इस कार्यक्रम में मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक मिश्रा, मंडल इंजीनियर (सामान्य)पी.पी.कुजूर मुख्य हित निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह,योगेश कुमार मल्ल, अजय तिवारी एवं भारी संख्या में जनजातीय कर्मचारी उपस्थित थे ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक मिश्रा ने बताया की भारत सरकार ने विगत वर्ष से जनजातीय नायक एवं स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती को एक जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति के रूप में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाये जाने की शुरुआत की थी । आज 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती है जिन्हें देश भर के जनजातीय समुदाय भगवान के रूप में सम्मान् देते हैं । बिरसा मुंडा देश के एक प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी,समाज सुधारक और जनजाति नायक थे, जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक सरकार की शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी और उन्होंने जनजातियों से विद्रोह का आवाहन किया तथा जनजाति आंदोलन को संगठित करने के साथ नेतृत्व प्रदान किया उन्होंने जनजातियों को अपनी संस्कृति जड़ों को समझने और एकता का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया । जनजाति स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करने के लिए वाराणसी मंडल पर आज जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है । जनजातीय गौरव दिवस के राष्ट्रव्यापी समारोह में वाराणसी मंडल पर स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों का योगदान विषय पर कर्मचारियों के बीच एक वाक एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया । इस दौरान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों की देश के लिए दिए गए बलिदान को रेखांकित करते हुए बिरसा मुण्डा एवं वीर जनजातीय नायकों के योगदान पर प्रकाश डाला गया । इस प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को मंडल इंजीनियर (सामान्य) पी. पी. कुजूर ने प्रोत्साहन देते हुए अपने संबोधन में कहा कि बिरसा मुंडा देश के एक प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और श्रद्धेय जनजातीय नायक थे, जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक सरकार की शोषणकारी व्यवस्था के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी और अपने जीवनकाल में ही एक महान व्यक्ति बन गए। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों का सदैव मार्गदर्शन करता रहेगा बिरसा मुंडा का जीवन दर्शन हम सभी लोगों को एक सीख देता है, कि किस प्रकार से बिरसा मुंडा ने जनजातियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों को समझने और एकता का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस प्रकार के कार्यक्रमों से आने वाली पीढ़ियों को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के देश के लिए दिए गए बलिदान की याद दिलाती रहेंगी जिससे उनकी विरासत को आगे बढ़ाने और जनजातीय संस्कृति, कला व समृद्ध जनजातीय विरासत का संरक्षण करने के लिए आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
 कार्यक्रम का संचालन मुख्य हित निरीक्षक शिवेन्द्र सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन मंडल कार्मिक अधिकारी विवेक मिश्रा द्वारा किया गया।

विज्ञापन